Thursday 19 April 2018

दाऊद इब्राहिम ने वसीम रिजवी की हत्या की सुपारी दी

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उत्तर पदेश के शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी को मारने की साजिश का पर्दाफाश किया है। शुकवार को स्पेशल सेल ने रिजवी की हत्या की सजिश में जुटे डी कंपनी के तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को पुलिस ने यूपी के बुलंदशहर इलाके से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पाकिस्तान में बैठे अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम ने छोटा शकील के जरिए वसीम रिजवी को मारने के लिए इन बदमाशों को जिम्मेदारी दी थी। यह खुलासा दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के डीसीपी पमोद कुशवाहा ने किया। गत मार्च को तीनों ने रिजवी के लखनऊ स्थित कार्यालय की रेकी की थी। कुशवाहा ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिल रही थी कि भगोड़ा दाऊद इब्राहिम भारत में बड़ी वारदात करवाने की जुगत में है। इसके बाद पुलिस ने उसके गुर्गों पर नजर रखनी शुरू की। इसी दौरान फोन पर हो रही बातचीत के आधार पर पता चला कि बुलंदशहर के कुछ बदमाश वसीम रिजवी की हत्या की साजिश रच रहे हैं। इस पर पुलिस ने 12 अपैल को बुलंदशहर इलाके में सलीम अहमद अंसारी, अबरार और आरिफ को गिरफ्तार कर लिया। इनका एक और साथी फिलहाल फरार है, गत वर्ष दिसंबर में सलीम दुबई गया था, जहां उसकी मुलाकात दाऊद के दाहिने हाथ छोटा शकील के सहयोगी से हुई थी। उसने वसीम रिजवी को मारने के लिए तीन हजार दिरहम (53 हजार रुपए) पैशगी के तौर पर दिए थे। यह रकम हवाला के जरिए सलीम को मिली थी। शकील के सहयोगी ने सलीम से कहा था कि पहला विकेट गिराओ तुम्हें मालामाल कर देंगे। इसके बाद भारत लौटकर उसने इस साजिश को अंजाम देने का काम शुरू कर दिया। सलीम अहमद ने वसीम रिजवी के लखनऊ स्थित कार्यालय की 10-12 बार रेकी की थी। उसने कार्यालय का पूरा नक्शा बना रखा था। वह अपने साथियों के साथ शिकायतकर्ता बनकर रिजवी के पास जाता और मौका मिलते ही उन्हें गोली मार देता। वारदात के बाद वह अपने दोनों साथियों के साथ दाऊद के एक रिश्तेदार के यहां जाता जहां उन्हें सुपारी की बकाया रकम मिलनी थी। दरअसल वसीम रिजवी दाऊद इब्राहिम और उनके गुर्गों की आंख में किरकिरी तभी से बने हुए थे जब कुछ दिन पहले वसीम रिजवी ने राम मंदिर बनाने को लेकर चल रहे विवाद में बयान दिया था। उनका यह बयान राम मंदिर के पक्ष में था जिसके चलते डान दाऊद इब्राहिम उन्हें सबक सिखाना चाहते थे। स्पेशल सेल के डीसीपी ने बताया कि हमारी टीम को मार्च में सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश अंडरवर्ल्ड के इशारे पर रिजवी की हत्या करने की साजिश रच रहे हैं। इस घटना से पता चलता है कि बेशक दाऊद पाकिस्तान में बैठा हो पर वह भारत में क्या हो रहा है इस पर पैनी नजर रखे हुए है। यह पयास तो विफल कर दिया स्पेशल सेल ने पर खतरा बरकरार रहेगा।

-अनिल नरेन्द्र

No comments:

Post a Comment