Wednesday 1 November 2017

आतंकवाद और गुजरात की सियासत

आजादी के बाद जब हमारा लोकतंत्र बना था तो राजनीति में थोड़ी नैतिकता थी, मूल्य होते थे। पर समय के साथ न केवल हमारे मूल्य ही गिरते गए बल्कि राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का एक ऐसा सिलसिला शुरू हुआ जो किसी को भी शोभा नहीं देता। दुनिया देख रही है कि आज हमारे राजनीतिज्ञ कैसे-कैसे ओछे इल्जाम लगा रहे हैं और ऐसा करने में उन्हें कोई संकोच भी नहीं। ताजा केस गुजरात में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अहमद पटेल पर आरोप का है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि पकड़ा गया एक संदिग्ध आतंकवादी उस अस्पताल में काम करता था जिसके गहरे संबंध कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल से हैं। भाजपा के गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने पार्टी कार्यालय श्री कमलम में पत्रकारों को बताया कि खूंखार आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) से जुड़ा आतंकी मोहम्मद कासिम टिम्बर वाला भरुच के जिस अस्पताल में टेक्निशियन रहा, उसके ट्रस्टी खुद अहमद पटेल रह चुके हैं। उनका आरोप काफी गंभीर है। आरोप लगाते हुए रूपाणी ने कहा कि भरुच के जिस अस्पताल से दो संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया उनके साथ अहमद पटेल का संबंध रहा है। गौरतलब है कि इन संदिग्ध आतंकियों में से एक उस अस्पताल का कर्मचारी रहा है। यह सच है कि अहमद पटेल उस अस्पताल के कर्ता-धर्ता रहे हैं। इन्होंने अस्पताल के निर्माण में मदद भी की थी। वह अस्पताल के ट्रस्टी भी रहे थे। लेकिन यह भी सही है कि पटेल ने 2014 में इस पद से इस्तीफा दे दिया था। अब इसके आधार पर यह कैसे कहा जा सकता है कि अहमद पटेल का संदिग्ध आतंकियों के साथ संबंध रहे हैं। किसी भी ऐसी संस्था में सैकड़ों-हजारों कर्मचारी होते हैं। उस संस्था के नियोक्ता इस बात का कैसे सत्यापन कर पाएंगे कि उनके यहां काम करने वाले कर्मचारी में कौन आतंकवादी है और कौन नहीं? मामला गरमाता देख कांग्रेस पार्टी अहमद पटेल के बचाव में उतर आई है, वहीं जिस अस्पताल में कथाकथित आतंकी पकड़ा गया, उसने भी अहमद पटेल का बचाव किया है। इस बीच कांग्रेस ने भी गड़े मुर्दे उखाड़ते हुए भाजपा को कंधार से लेकर कई और पुरानी घटनाओं की याद दिला दी। उधर अस्पताल का कहना है कि अहमद पटेल या उनके परिवार का कोई सदस्य ट्रस्टी नहीं है। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक बयान में कहाöपटेल या उनके परिवार का उस अस्पताल से कोई संबंध नहीं है, जहां पर काम कर चुके एक व्यक्ति को आतंकी के तौर पर गिरफ्तार किया गया। उन्होंने आगे कहा कि गुजरात चुनाव में अपनी हार को देखते हुए भाजपा षड्यंत्र रच रही है। राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। कुल मिलाकर पहली नजर में यह लग रहा है कि भाजपा चुनाव में बढ़त बनाने के लिए इस तरह के अनर्गल आरोप लगा रही है। देश की सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मुद्दों को परे रखा जाना चाहिए।

No comments:

Post a Comment